Breaking News
नए साल पर भारतीय सेना ने गलवान घाटी में फहराया तिरंगा, ड्रैगन को दिया कड़ा संदेश

नए साल के मौके पर भारतीय सेना ने लद्दाख की गलवान घाटी में सीमा पर तिरंगा लहराया है। भारतीय सेना के सूत्रों के अनुसार नए साल की पूर्व संध्या के मौके पर सैनिकों ने तिरंगा फहराया।

भारतीय सेना द्वारा तिरंगा फहराए जाने की खबर ऐसे मौके पर आई है, जब मीडिया एक वर्ग यह कह रहा है कि गलवान घाटी में चीन द्वारा चीनी झंडा फहराए गया है। इससे पहले यह भी खबर सामने आई थी कि अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों के चीन ने नाम बदल दिए हैं। विवादित लैंड बाउंड्री लॉ को लागू किए जाने से ठीक पहले चीन ने ऐसा किया था।

बीते गुरुवार को इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार ने कहा था कि, ‘हमें कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के जरिये चीन की ओर से अरुणाचल के कुछ इलाको के नाम बदलने की खबरें मिली थी। लेकिन नाम बदलने से हकीकत नहीं बदलती है। अरुणाचल प्रदेश हमेशा भारत का अभिन्न हिस्सा था और आगे भी बना रहेगा।’

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने चीन के कदम के बारे में पूछे जाने पर कहा था कि, ‘साल 2017 में भी चीन ने इस तरह के कदम उठाये थे।’ गलवान घाटी में ही साल 2020 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प हो गई थी। इस झड़प में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हुए थे। इसके अलावा कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि चीन के भी 40 से अधिक सैनिक इस झड़प में मारे गए थे।