चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी का धमाकेदार प्रदर्शन, जानिए क्या बोले अरविंद केजरीवाल

पहली बार चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव लड़ी आम आदमी पार्टी ने निगम सदन में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। निगम सदन में आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि पार्टी बहुमत से काफी दूर है। मेयर के लिए आप व भाजपा में टक्कर होगी। 35 सदस्यीय निगम में आप के 14, भाजपा के 12, कांग्रेस के 8 व शिअद के एक प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। चंडीगढ़ में सांसद भाजपा की किरण खैर हैं। उन्हें भी निगम में मतदान का अधिकार है। भाजपा के पास कुल 13 वोट हैं।
पहली ही बार में पार्टी की निगम में धमाकेदार प्रदर्शन पर पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित है। आप मुखिया व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा है कि चंडीगढ़ नगर निगम में आप की ये जीत पंजाब में आने वाले बदलाव का संकेत है। चंडीगढ़ की जनता ने आज भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए आम आदमी पार्टी की ईमानदार राजनीति को चुना है। उन्होंने आप के विजयी उम्मीदवारों व कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस बार पंजाब बदलाव के लिए तैयार है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आप चंडीगढ़ में पहली बार चुनाव लड़ा। चंडीगढ़ की जनता ने आप का जो समर्थक किया उसका वह स्वागत करते हैं। वह इसके लिए हर मतदाता और पार्टी कार्यकर्ता को धन्यवाद देते हैं।
आप के चंडीगढ़ प्रभारी राघव चड्ढा ने भी आप की भारी जीत पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी। कहा कि लोगों ने भ्रष्टतंत्र के खिलाफ आप को समर्थन दिया है। राघव चड्ढा ने चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान कई नेताओं ने आप का दामन भी थामा।
बिहार में पुलिस ने सैलरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे वार्ड सचिवों पर किया लाठीचार्ज