16 भारतीय मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने किया गिरफ्तार, समुद्री सीमा के उल्लंघन का आरोप

गुरुवार को श्रीलंका की नौसेना ने 16 भारतीय मछुआरों को अपनी समुद्री सीमा के कथित उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि सभी मछुआरे तमिलनाडु के रहने वाले हैं।
तमिलनाडु के मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मछुआरों की यह गिरफ्तारियां दो अलग-अलग घटनाओं में हुई हैं। इसके अलावा मछुआरों की दो मशीनीकृत नौकाओं को भी श्रीलंकाई नौसेना ने जब्त कर लिया है।
अधिकारियों के अनुसार 12 मछुआरों को कच्चातीवू के समीप मछली पकड़ते वक्त गिरफ्तार किया गया जबकि बाकी मछुआरों को मन्नार की खाड़ी से गिरफ्तार किया गया। गौरतलब है कि श्रीलंकाई नौसेना ने फरवरी में अलग-अलग घटनाओं में तमिलनाडु के अनेको मछुआरों को हिरासत में लिया था।
17 मार्च को इससे पहले किया था गिरफ्तार
इससे पहले भारतीय तटरक्षक बल ने भी 17 मार्चे को देश के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में 6 श्रीलंकाई मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी नौका को जब्त कर लिया था। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, 16 मार्च को भारतीय विशेष आर्थिक क्षेत्र में श्रीलंका के मछुआरे अवैध रूप से मछली पकड़ रहे थे और कन्याकुमारी से लगभग 117 समुद्री मील दक्षिण पूर्व में तटरक्षक जहाज वज्र ने समुद्री निगरानी के दौरान उनकी नाव देखी।