गुजरात में जेसीबी फैक्ट्री पहुंचे ब्रिटिश PM बोरिस जॉनसन, ट्रेंड होने लगा बुलडोजर

इन दिनों देश में बुलडोजर की काफी चर्चा हो रही है। यूपी में विधानसभा चुनाव के दौरान भी बुलडोजर की खूब बात हो रही थी। वहीं मध्य प्रदेश में भी कई स्थानों पर पोस्टर पर ‘बुलडोजर मामा’ लिखा दिखायी दिया। अब ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन की वजह से भी बुलडोजर की बात होने लगी है।

यूके के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन इन दिनों भारत दौरे पर हैं। वह गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ गुरुवार को पंचमहल में जेसीबी फैक्ट्री पहुंचे थे। घूमते-घूमते वह वहां पर खड़े एक बुलडोजर पर अचानक चढ़ गए। वह गुरुवार सुबह ही भारत पहुंचे हैं। भारत के बड़े कारोबारी गौतम अडानी से भी उन्होंने मुलाकात की।

अडानी ने ट्वीट कर लिखा कि, बोरिस जॉन्सन का स्वागत करके बहुत खुश हूं। वह पहले यूके के प्रधानमंत्री हैं जो कि गुजरात में अडानी एचक्यू का दौरा कर रहे हैं।

ब्रिटिश पीएम के इस दौरे का उद्देश्य व्यापार में आ रही बाधाओं को दूर करना और भारत के साथ अपने संबंधों को मजबूत करना है। भारत में पहुंचने के बाद उन्होंने कहा था कि, भारत आना मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। यह दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। महान देश साथ आकर बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।