गौतम अडानी बने एशिया के सबसे अमीर इंसान, मुकेश अंबानी को छोड़ो पीछे

भारतीय बिजनेसमैन गौतम अडानी 90.1 बिलियन डॉलर के साथ एशिया के सबसे अमीर आदमी बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने मुकेश अंबानी को पछाड़ दिया है। इसके अलावे अडानी दुनिया के 10वें सबसे अमीर आदमी में शामिल हो गए हैं। फोर्ब्स की रियल टाइम बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख भारतीय अरबपति मुकेश अंबानी का नेटवर्थ 89.4 बिलियन डॉलर है। इससे पहले अंबानी सबसे अमीर एशियाई अरबपति थे। अडानी न सिर्फ अंबानी बल्कि मेटा के मार्क जुकरबर्ग को भी पीछे छोड़ चुके हैं। वहीं, एलन मस्क अब भी दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति के खिताब पर कायम हैं। एलन का नेटवर्थ 232.3 बिलियन डॉलर है।
फोर्ब्स के मुताबिक, मुकेश अबानी की संपत्ति पिछले 1 दिन में 2.2 बिलियन डॉलर कम हो गई। जिसके बाद उनकी कुल संपत्ति 89 बिलियन डॉलर पर आ गई। वहीं पिछले 24 घंटे में गौतम अडानी एंड फैमिली की संपत्ति में 672 मिलियन डॉलर की गिरावट रही है। वहीं अगर दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क की बात की जाए तो पिछले 1 दिन में उनके नेटवर्थ में 3.3 बिलियन डॉलर की गिरावट आई है। हालांकि इसके बाद भी मस्क फोर्ब्स इंडेक्स में एक नंबर पर कायम हैं। अमेजन के जेफ बेजोस की संपत्ति में गिरावट की वजह से वह 1 पायदान नीचे खिसककर तीसरे स्थान पर आ गए हैं। बेजोस की दौलत में गिरावट का फायदा बर्नार्ड अरनॉल्ट को हुआ है। अरनॉल्ट की संपत्ति अब 193.6 बिलियन डॉलर हो गई है और इसके साथ ही वह दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।
इनलोगों की संपत्ति में उतार- चढ़ाव की असली वजह दुनिया भर के शेयर बाजारों में जारी गिरावट है। इस गिरावट के कारण मेटा के मार्क जुकरबर्ग को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। उनक कंपनी के शेयरों में गुरुवार को 26 फीसद की गिरावट आई। जिसके बाद उनकी संपत्ति घटकर 84.8 बिलियन डॉलर पर आ गई।