NewsExpress

News Express - Crisp Short Quick News
“मुझे कभी इस मंदिर में पूजा करने में डर लगता था”, मुख्यमंत्री योगी ने ऐसा क्यों कहा?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों गोरखपुर के दौरे पर हैं। उन्होंने आज मान सरोवर शिव मंदिर का लोकार्पण किया और राम लीला मैदान का सौंदर्यीकरण का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने जनता को संबोधित भी किया। उन्होंने मान सरोवर मंदिर से जुड़े कुछ पुराने यादों को भी जनता से साझा किया। उन्होंने कहा कभी मुझे यहाँ पूजा करने में डर लगता था। इस दौरान गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे।

सावन के पहले दिन गोरखपुर स्थित मान सरोवर शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पांच साल पहले तक मंदिर की हालत जर्जर थी। यहां पूजा करते समय मुझे यह डर लगता था कि कब मंदिर ढह जाए। पास के तालाब में भैंस नहाते थे और गंदगी का अंबार लगा रहता था। यहां कोई भी सुविधा नहीं थी लेकिन आज यहां पर्यटन स्थान होने के साथ यहां सौंदर्यीकरण के सारे कार्य पूरे हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पवित्र सावन मास की प्रथम तिथि को गोरखपुर स्थित मानसरोवर शिव मंदिर में मुझे भगवान भोलेनाथ के अभिषेक का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण की परियोजना के लोकार्पण का अवसर भी प्राप्त हुआ है। मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि जनभावनाओं के अनुरूप यहां पर बेहतरीन पर्यटन सुविधाओं का विकास होने के साथ ही सौंदर्यीकरण के पूरे कार्य आज पूरे हो चुके हैं। मंदिरों के बनने के साथ ही यात्री सुविधाओं का विकास हुआ है।

बता दें, गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जिला है। वो यहाँ स्थित गोरक्षनाथ पीठ के महंत हैं। मुख्यमंत्री ने मान सरोवर शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 6 करोड़ रुपये खर्च किये हैं। मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय हॉल, प्रसाधन, 50 लोगों की क्षमता का रैन बसेरा, दो टूरिस्ट शेल्टर, परिसर स्थित सरोवर पर रेड स्टोन रेलिंग, हवन कुंड और कई अन्य सुविधाओं का निर्माण करवाया गया है।