NewsExpress

News Express - Crisp Short Quick News
पेगासस मामले पर एक बार फिर ममता ने केंद्र को घेरा, कहा सरकार जवाब क्यों नहीं दे रही

पेगासस जासूसी का मुद्दा सड़क से लेकर सदन तक गरमाता जा रहा है। संसद के अंदर और बाहर इस मुद्दे पर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर इस मुद्दे पर सरकार को घेरा। सीएम ममता ने सवाल किया कि पेगासस को सरकार जवाब क्यों नहीं दे रही है? लोग इसके बारे में जानना चाहते हैं।

ममता बनर्जी ने सवाल किया, “पेगासस को सरकार जवाब क्यों नहीं दे रही है? लोग जानना चाहते हैं। संसद में नीतिगत निर्णय नहीं होंगे, वहां चर्चा नहीं होगी तो कहां होगी? यह चाय की दुकानों पर नहीं किया जाता है, यह संसद में किया जाता है।”

इससे पहले इस विवाद पर उन्होंने स्थिति को आपातकाल से ज्यादा गंभीर बताया था। उन्होंने कहा, “सभी जगह वे प्रवर्तन निदेशालय आयकर विभाग को छापा मारने के लिए भेज रहे हैं। यहां कोई जवाब नहीं दे रहा है। लोकतंत्र में सरकार को जवाब देना चाहिए। स्थिति बेहद गंभीर है, यह आपातकाल से भी ज्यादा गंभीर है।” उन्होंने कहा कि इस समय किसी से फोन पर बात करना सुरक्षित नहीं है। ममता ने प्रशांत किशोर का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि पीके का फोन टैप है। उन्होंने कहा कि आज पांच साल के बच्चे को भी मोबाइल की समझ है। जनता पेगासस क्यों नहीं समझेगी?

बता दें कि पेगासस के मुद्दे पर सदन में मानसून सत्र का कार्यकाल सरकार और विपक्ष के बीत गतिरोध के भेंट चढ़ रहा है। पेगासस जासूसी मामला और कुछ अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सदस्यों सदन में हंगामा कर रहे हैं जिस कारण सदन की कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ रही है।

आज सुबह भी हर रोज की तरह ही हाल था। कार्यवाही शुरू होते ही शोर-शराबा होने लगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूरा प्रश्नकाल इस शोर-शराबे के बीच ही चलाया। इस दौरान कई मंत्रियों ने अपने अपने उत्तर दिए।