पंजाब, हरियाणा में 3 अक्टूबर से शुरू होगी धान की खरीद, केंद्र ने जारी किए आदेश

किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए, केन्द्र सरकार ने फैसला किया है कि केएमएस 2021-22 के लिए पंजाब और हरियाणा राज्यों में धान की खरीद रविवार, 3 अक्टूबर, 2021 से शुरू हो जाएगी।
इससे पहले केंद्र ने भारी बारिश की वजह से धान की खरीद को 11 अक्टूबर तक टाल दिया था। दोनों राज्यों के किसानों ने इसका पुरजोर विरोध किया था।
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तहत खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग का मानना है कि पंजाब और हरियाणा में 3 अक्टूबर, 2021 से धान की खरीद शुरू करने का फैसला किसानों के साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम के पीडीएस के तहत लाखों उपभोक्ताओं के लिए गुणवत्तापूर्ण खरीद सुनिश्चित करने के लिए एफएक्यू विनिर्देशों के तहत धान का स्टॉक स्वीकार करना उपभोक्ताओं के समग्र हित में है।
खरीफ फसलों धान और मिलेट की खरीद पहले एक अक्टूबर से शुरू होनी थी लकिन भारी बारिश की वजह से केंद्र ने इसे 11 अक्टूबर तक टालने की घोषणा की थी।
केंद्र का कहना था कि नयी आवक में नमी की मात्रा अनुमति योग्य सीमा से अधिक है। इस फैसले से किसान काफी अंसुष्ट थे।
दोनों राज्यों के कई हिस्सों में किसानों ने इसके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया था। विरोध कर रहे किसानों ने पुलिस का बैरिकेड तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने उनपर पानी की बौछार भी की। करनाल में मुख्यमंत्री आवास के पास भी किसानों ने विरोध-प्रदर्शन किया। पंजाब में किसानों ने रूपनगर में राज्य विधानसभा के अध्यक्ष राणा के पी सिंह तथा मोगा में विधायक हरजोत कमल के निवास के बाहर प्रदर्शन किया।