दिल्ली के हज़ारों बच्चे मिलकर बनाएंगे 4 अगस्त को दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि 4 अगस्त को दिल्ली में हज़ारों बच्चे इकट्ठा होंगे और दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा बनाएंगे।
हजारों छात्रों के सहयोग से बनाया जाने वाला तिरंगा एक नया रिकॉर्ड दर्ज कर सकता है। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली सरकार कर रही है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 4 अगस्त को दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा बनाने के साथ 130 करोड़ देशवासी भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने का भी संकल्प लेंगे ।
उन्होंने कहा, “देश आज़ादी के 75 साल का जश्न मना रहा है…उस दिन सभी संकल्प लेंगे कि अब भारत रुकेगा नहीं…थमेगा नहीं…हम 130 करोड़ भारतीय मिलकर भारत को दुनिया का नंबर 1 देश बनाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “भारत के 130 करोड़ लोगों को साथ आना होगा। व्यापारी, किसान उद्योगपति, मजदूर, नौकरीपेशा, डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, सबको साथ आना होगा। 75 साल पहले जब सारा देश इकट्ठा हुआ था तो हमने अंग्रेजों को भगा दिया था। अब हम सब एक बार फिर इकट्ठे होकर भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाएंगे।”