उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दीनदयाल की 105वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को दीनदयाल उपाध्याय की 105वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उपाध्याय ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण में समर्पित कर दिया।

उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया ने ट्वीट कर लिखा कि राष्ट्रवादी राजनैतिक विचारक और कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्म जयंती पर उनकी पावन स्मृति को सादर प्रणाम! आपके एकात्म मानवतावाद का उद्देश्य अंत्योदय था।

वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार देशवासियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय को भारतीय राजनीति के इतिहास में सबसे प्रमुख चेहरों में से एक माना जाता है। दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को मथुरा में हुआ था। उपाध्याय एक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारक और भारतीय जन संघ के सह-संस्थापक थे। उन्होंने भारत की सनातन विचारधारा को युगानुकूल रूप में प्रस्तुत किया और देश को एकात्म मानववाद नामक विचारधारा दी।